फिरोजाबाद। जिले के ग्रामीण अंचल में किराए अथवा प्राइमरी स्कूलों के एक कक्ष में संचालित होने वाले आंगनबाड़ी केंद्रों का अपना भवन होगा। जिले में 27 आंगनबाड़ी केद्रों के भवन बनाए जाने की तैयारी कर ली गई है। मनरेगा योजना,ग्राम पंचायत व विभाग के बजट को मिलाकर भवन को बनवाया जाएगा। पंचायतों में भूमि के चिह्नांकन का काम पूर्ण कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक एक आंगनबाड़ी केंद्र के भवन निर्माण पर 11.84 लाख रुपये खर्च होंगे। इसमें 7.84 लाख रुपये मनरेगा का खर्च होगा। दो लाख बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग तथा दो लाख रुपये पंचायती राज विभाग की ओर से खर्च किया जाएगा। भूमि का चिह्नांकन हो जाने के साथ ही विभाग ने इन आंगनबाड़ी केंद्र भवनों को बनाए जाने का काम प्रारंभ किए जाने की तैयारी तेज कर दी है। ताकि भवनों को वित्तीय वर्ष समाप्त होने तक बनाया जा सके।
ब्लाकवार भवनों की संख्या....
ब्लाक - भवनों की संख्या..
अरांव -04
एका -02
हाथवंत -04
मदनपुर -05
नारखी -07
शिकोहाबाद -04
टूंडला -01
कुल भवन -27
- जिले में 27 आंगनवाड़ी केंद्र भवन तीन करोड़ 19 लाख 68 हजार की लागत से बनाए जाएंगे। एक भवन को बनाने में 11.84 लाख रुपये खर्च होगा। भूमि के चिह्नांकन का काम पूर्ण हो गया शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जाएगा। - अजय कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी फिरोजाबाद