फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दलाल और माफिया चला रहे जिला और सपा : हरिओम

Sat, 10 Oct 2015 11:17 PM IST
ब्यूरो,अमर उजाला फीरोजाबाद
विज्ञापन
विज्ञापन
फीरोजाबाद। संगठन के कार्य और कानून व्यवस्था पर सपा विधायक ने अपनी ही सरकार को कटघरे में खड़ा कर दिया। जिले में सपा के गिरते स्तर और कार्यकर्ताओं की उपेक्षाओं की दुहाई देते हुए जिला अध्यक्ष को सीधे तौर पर दोषी बताया। सपा जिलाध्यक्ष डा. दिलीप यादव, करहल ब्लाक प्रमुख अरविंद यादव, एसपी देहात संजय यादव, पूर्व मंत्री जयवीर सिंह समेत कई लोगों पर जिले में अवैध कार्य करवाने का आरोप लगाया। विधायक ने आईजी से मिलकर मामले को रखा और न्याय की गुहार लगाई है।
विज्ञापन

 भाजपा समर्थित प्रत्याशी राजीव यादव के खिलाफ षडयंत्र रचने के आरोप में मुकदमा दर्ज होने के बाद सपा विधायक हरिओम यादव खुलकर अपनी ही पार्टी के सामने आए। शनिवार को सबसे पहले पत्नी मीरा यादव और पुत्र विजय प्रताप छोटू का नामांकन करवाने कलक्ट्रेट पहुंचे। नामांकन के बाद सपा विधायक हरिओम यादव ने प्रेस कांफ्रेंस बुलाकर विरोधियों पर हमला बोला और मुकदमे को राजनीतिक साजिश बताया। मुकदमा लिखाने में एसपी देहात संजय यादव समेत पार्टी के जिलाध्यक्ष डा. दिलीप यादव और भाजपा नेता पूर्व मंत्री जयवीर सिंह की करनी बताई। सपा महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव के भांजे अरविंद यादव पर माफिया को संरक्षण देने की बात कही। विधायक ने कहा कि मुझे और मेरे पुत्र को बदनाम करने के लिए यह किया जा रहा है। सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जा करने वाले सपा जिलाध्यक्ष की गंदी राजनीति नहीं चल पा रही तो वह मेरे खिलाफ मुकदमा लिखवा रहे हैं। उनके तमाम स्कूल फर्जी मान्यताओं पर चल रहे हैं। एसपी देहात संजय यादव की शह पर सट्टे और जुआ का कारोबार फल फूल रहा है। पूरे जिले में अवैध कारोबार का पैसा सपा जिलाध्यक्ष के पास एकत्रित हो रहा है।
पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं को दरकिनार करके सपा जिलाध्यक्ष और अन्य नेता पूर्व मंत्री जयवीर सिंह की झोली भरने में जुटे हैं। करहल सपा नेता अरविंद यादव की शह पर जिले में करोड़ों रुपये की शराब की तस्करी हो रही है और लूट खसोट मची है।
विज्ञापन

पूर्व जिलाध्यक्ष और पूर्व विधायक अजीम भाई ने कहा सपा की नीतियों से जिले का संगठन भटक गया है। लालच के लिए जिलाध्यक्ष डा. दिलीप यादव संगठन को बेच रहे हैं। यह पहला मौका है जब सपा के किसी विधायक ने कानून व्यवस्था पर अंगुली उठाते हुए सरकारी तंत्र को विरोधी दल के सहयोग की बात कही है। सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के करीबी माने जाने वाले सिरसागंज विधायक हरिओम यादव की जिलाध्यक्ष से तल्खी पार्टी में उलटफेर के दूरगामी संकेत भी माने जा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर सपा जिलाध्यक्ष का बढ़ता विरोध भी एकजुट हो रहा है। प्रेसवार्ता के दौरान विधायक समर्थक समेत जिलाध्यक्ष के विरोधी खेमे के लोग भी मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें