फिरोजाबाद। जिले में प्रधान, बीडीसी एवं जिला पंचायत सदस्यों की छह स्थानों पर मतगणना शुरू होने से पूर्व गणना स्थलों के बाहर उमड़ी भीड़ के बीच कोरोना गाइडलाइन की धज्जियां उड़ गईं। इस दौरान कई लोग बिना मास्क के पहुंचे।
हर कोई मतगणना स्थल के अंदर पहुंचने की आपाधापी में जुटा था। यह हाल सभी मतगणना स्थलों के बाहर देखने को मिला। कोविड गाइडलाइन का पालन कराने और कर्फ्यू लागू होने का हवाला देने के बाद भी नहीं मानने पर पुलिस ने जमकर लाठियां फटकारी।
जिले के छह केंद्रों पर कोविड गाइडलाइन का पालन कराते हुए मतगणना कराने की तैयारी की गई थी। हालांकि रविवार सुबह केंद्रों पर मतगणना शुरू होने से पूर्व ही प्रत्याशी एवं उनके समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी। हालात यह थे मंडियों के बाहर भीड़ के रेला नजर आ रहा था।
पुलिस प्रशासन ने मतगणना एजेंटों को प्रवेश दिए जाने की बात कही तो सामाजिक दूरी नियम तार-तार हो गया। मतगणना केंद्रों के बाहर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठियां तक फटकारनी पड़ी।
फिरोजाबाद स्थित मतगणना केंद्र पर तो कई बार सीओ सिटी हरिमोहन सिंह, एसएचओ उत्तर अनूप कुमार भारतीय ने कर्फ्यू लागू होने का हवाला देते हुए लोग घर जाने का आह्वान किया। जसराना उपमंडी स्थल समेत सिरसागंज मंडीस्थल, शिकोहाबाद एवं टूंडला मंडीस्थल और आरआरएम इंटर कॉलेज बछगांव पर भी यही आलम रहा।