टूंडला। क्षेत्र के मैरिज होम में दुल्हन की नाबालिग बहन को शौचालय में बंधक बनाकर युवक ने दुष्कर्म किया। मौके पर पहुंचे परिजन ने दरवाजा तोड़कर नाबालिग को मुक्त कराया। इस बीच आरोपी परिजन को धक्का देकर फरार हो गया। उन्होंने आरोपी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बृहस्पतिवार मध्यरात्रि की है। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी परिवार की बेटी की राजा का ताल स्थित मैरिज होम में शादी थी। शादी की रस्में चल रहीं थीं। मध्यरात्रि डेढ़ बजे करीब दुल्हन की 15 वर्षीय बहन लघुशंका के लिए बाथरूम में गई। तभी गांव का ही युवक उसके पीछे गया और बाथरूम में मुंह बंदकर बंधक बनाकर दुष्कर्म किया।
बेटी के देर तक न लौटने पर मां व बुआ उसे खोजते हुए वहां पहुंचीं। बुलाने पर भी अंदर से आवाज न आने पर परिजन ने दरवाजा तोड़ दिया। इस दौरान मौका पाकर आरोपी धक्का देकर भाग गया। बरात के विदा होने के बाद थाने पहुंचे परिजन ने आरोपी आदित्य यादव उर्फ जोगी के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने किशोरी का डाक्टरी परीक्षण कराया है।
शादी समारोह में दुल्हन की नाबालिग बहन से दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। नाबालिग का डाक्टरी परीक्षण कराया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा जाएगा। - अनिवेश कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी, टूंडला