विभव नगर में चोरी के बाद दहशत में बैठी महिला।
शहर की पॉश कालोनी विभव नगर में चोरों ने दिनदहाड़े शिक्षिका के आवास के ताले तोड़कर हजारों की नकदी और सोने के आभूषण चोरी कर लिए। पीड़ित शिक्षिका के पति ने घटना की तहरीर दी है।
उत्तर थाना क्षेत्र की विभव नगर कालोनी निवासी जयदीप कुलश्रेष्ठ की मोहल्ला गंज में सिलाई मशीन की दुकान है। उनकी पत्नी आभा कुलश्रेष्ठ क्षेत्र के ही इंटर कालेज में शिक्षिका हैं। आभा कुलश्रेष्ठ मंगलवार को स्कूल चली गई। मंगलवार होने के कारण जयदीप घर पर थे। दोपहर करीब 12 बजे जयदीप मकान का दरवाजा बंदकर किसी काम से बाजार चले गए। करीब एक घंटा बाद लौटने पर उन्होंने देखा कि घर के मुख्य दरवाजे पर लगा ताला टूटा पड़ा था। शोरगुल पर क्षेत्रीय लोग एकत्रित हो गए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस की मौजूदगी में पीड़ित ने घर के अंदर जाकर देखा तो सारा सामान बिखरा पड़ा था। पीड़ित जयदीप ने पुलिस को बताया कि चोर करीब 15 हजार रुपये की नकदी और एक लाख रुपये के आभूषण चोरी कर ले गए। कोतवाल उत्तर का कहना है कि तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।