भाजपा ने निकाली परिवर्तन यात्रा, केंद्रीय मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर, साध्वी निरंजन ज्योति और डा. महेश शर्मा ने बढ़ाया कार्यकर्ताओं का जोश
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी और डा. अनिल जैन भी हुए शामिल
यूपी में सत्ता परिवर्तन का नारा देते हुए भाजपा ने जिले में चुनावी बिगुल फूंक दिया है। परिवर्तन यात्रा के जरिए लोगों को मोदी के मन की बात को बताने के लिए यहां सूचना एवं प्रसारण राज्यमंत्री राजवर्धन राठौर, पर्यटनमंत्री डा. महेश शर्मा, खाद प्रसंस्करण उद्योगमंत्री साध्वी निरंजन ज्योति आईं। इस दौरान उन्होंने रविवार को आगरा में आयोजित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के लिए कार्यकर्ताओं में जोश भरा।
गुंजन चौक से परिवर्तन यात्रा रथ का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति, डा.महेश शर्मा, राजवर्धन सिंह राठौर, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने किया। कुंजपुर रोड पर पूर्व मंत्री जयवीर सिंह, अतुल प्रताप सिंह, सोनी शिवहरे, सुमन चतुर्वेदी ने वरिष्ठ नेताओं का स्वागत किया। इसके बाद यात्रा इटावा रोड पर पहुंची। यहां डा.चंद्रसैन जादौन, जिला महामंत्री अविनाश सिंंह भोले, शशांकवीर प्रताप सिंह, डा.शोभित जादौन ने केंद्रीय मंत्रियों का स्वागत किया। मार्ग में ग्राम हैवतपुर ठार, सराय लुकमान ,कबीरपुर, भदेसरा ,नगला चन्दी ,हुसैनपुर बैजुआ ,नगला चैन, नगला चैन पर भी कार्यकर्ताओं ने परिवर्तन यात्रा का भव्य स्वागत किया। इस दौरान आनंद सिंह, विपिन शिवहरे, पूर्व जिला पंचायत सदस्य ब्रजेश सिंह व बाले यादव, पूर्व ब्लाक प्रमुख अरांव कमलेश राजपूत, ब्रज क्षेत्र पदाधिकारी आनन्द सिंह रहे।
छात्रों से गले मिले केंद्रीय मंत्री
सिरसागंज से अरांव जाते समय मार्ग में एक विद्यालय पर जब बच्चों ने बस में बैठी साध्वी निंरजन ज्योति एवं राज्यवर्धन सिंह राठौर पर पुष्पवर्षा की तो उन्हाेंने गाडी रूकवा ली और बच्चों से मिलने के लिये स्कूल गेट पर पहुंच गये। निरंजन ज्योति ने तो बच्चों को गले से लगा लिया।
जसराना में हेलीकाप्टर से यात्रा पर पुष्पवर्षा
परिवर्तन यात्रा के जसराना पहुंचने पर भाजपाइयों ने इसका जोरदार स्वागत किया। यात्रा पर हेलीकाप्टर से फूलों की वर्षा कराई गई।
यात्रा अरांव के रास्ते बझेरा होते हुए कस्बे के बाईपास चौराहे पर पहुंची। यहां प्रवीण शास्त्री, विशेष यादव के नेतृत्व में स्वागत किया गया। इस दौरान कस्बा में हेलीकाप्टर से पुष्पवर्षा की गई। थाना के सामने डा. सत्यपाल सिंह राजपूत, नगला शादी पर मानवेंद्र प्रताप सिंह, बनबारा पर भाजपा नेता सुबोध यादव, लोधी राजपूत कोल्ड स्टोरेज पर रामगोपाल उर्फ पप्पू लोधी के साथ पूर्व ब्लाक प्रमुख मोहनदत्त लोधी ने यात्रा का स्वागत किया। कोल्ड स्टोर पर यात्रा जनसभा में बदल ग्रई।
इस दौरान केंद्रीय मंत्री डा. महेश शर्मा ने कहा कि गुंडे, लुटेरों का अंत आ गया है। खिलाड़ी से राजनेता बने केंद्रीय मंत्री राज्यवर्धन राठौर ने कहा कि मोदी भारत की रक्षा कर रहे हैं आपको यूपी की रक्षा करनी है। केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि नोटबंदी से कालाधन रखने वालाें के पेट में दर्द हो गया है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि नोटबंदी की घोषणा से सपा की विकास यात्रा गैराज में खड़ी हो गई है। राहुल गांधी की खाटसभा की खाट खड़ी हो गई है। यात्रा में राष्ट्रीय महामंत्री अनिल जैन, विधानसभा प्रभारी उदयप्रताप सिंह, यात्रा जिला संयोजक ठा. भूपेंद्र सिंह, प्रवीण यादव, डा. संजीव यादव, विशेष यादव, मानवेंद्र प्रताप सिंह, रामगोपाल लोधी, सुबोध यादव, मोहनदत्त लोधी, मुनेंद्र सिंह चौहान, नीलकमल यादव, विकास राजपूत, डा. सत्यपाल सिंह राजपूत, जिला महामंत्री राजीव गुप्ता, विजयपाल सिंह, मानसिंह, आदि रहे।