टूंडला। भारतीय जनता पार्टी की एक बैठक जिला कैंप कार्यालय एटा रोड पर हुई। बैठक में टूंडला विधानसभा में आयोजित कार्यक्रम एवं कार्य योजना की जानकारी दी गई।
बैठक में जिलाध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि 6 अप्रैल को पार्टी का स्थापना दिवस मनाया जाएगा। 7 अप्रैल को प्रत्येक बूथ पर डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं भारत माता का चित्र लगाकर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। बूथ पर समिति के सदस्य, पन्ना प्रमुख, प्राथमिक व सक्रिय सदस्यों तथा वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का एकत्रीकरण करना है। 8 से 9 अप्रैल तक सक्रिय सदस्यों का सम्मेलन विधानसभा स्तर पर होगा।
7 अप्रैल से 12 अप्रैल 2025 तक गांव चलो अभियान चलेगा। मंडल अध्यक्ष स्तर से ऊपर के सभी कार्यकर्ता गांव, शहर के वार्ड में प्रवास करेंगे। 10 अप्रैल को टूंडला विधानसभा में बाइक रैली का आयोजन होगा। भारत रत्न डॉक्टर भीमराव आंबेडकर की जयंती पर पार्टी द्वारा 13 से 25 अप्रैल तक विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। 13 अप्रैल को बाबा साहब आंबेडकर की प्रतिमा एवं परिसर की स्वच्छता का कार्यक्रम होगा। 14 अप्रैल को बाबा साहब की मूर्तियों पर माल्यार्पण एवं संविधान की प्रस्तावना का सामाजिक रूप से वाचन होगा।
15 अप्रैल से 25 अप्रैल तक प्रत्येक संगठनात्मक जिले में विचार गोष्ठी का आयोजन होगा। बैठक में जिला उपाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह, हनुमंत बघेल, पालिकाध्यक्ष भंवर सिंह, सतीश बघेल, शिवशंकर शर्मा, महिपाल निषाद, भाजयुमो जिलाध्यक्ष आकाश शर्मा, धर्मेंद्र प्रताप सिंह, विनोद पाल सिंह बिन्नू, महावीर सिंह, पूरनसिंह, रितेश कुमार नंदवंशी, ब्रजवीर सिंह चौहान, सुनील पाठक उपस्थित रहे।