फिरोजाबाद/नारखी। होली के त्योहार को लेकर जनपद पुलिस भले ही अलर्ट मोड पर हो, लेकिन बदमाश बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। शुक्रवार देर रात थाना टूंडला और नारखी क्षेत्र में लूट की दो घटनाएं सामने आईं। बदमाश डिलीवरी बॉय और एक युवक से बाइक छीनकर फरार हो गए। दोनों मामलों में पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं।
नया रसूलपुर माता वाली गली निवासी अमित (20) और रामगढ़ रोड सीएनजी पंप के पीछे निवासी हासिम (25) जलेसर रोड चौराहा स्थित ब्लिंकिट कंपनी में करीब एक माह से डिलीवरी का काम करते हैं। शुक्रवार रात करीब 11:10 बजे दोनों जरौली कट स्थित नगला हरिश्चंद्र गांव में पार्सल देने जा रहे थे। गांव की ओर मुड़ते ही एक बाइक पर सवार चार बदमाशों ने उनके सामने बाइक लगाकर रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने हासिम के हेलमेट पर तमंचे की बट मार दी और अमित की छाती पर तमंचा तान दिया। इसके बाद उनकी बाइक ब्लिंकिट का बैग और पार्सल लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पीड़ित साथियों के साथ राजा का ताल पुलिस चौकी पहुंचे और तहरीर दी। शनिवार सुबह डिलीवरी कर्मचारियों ने कार्यालय से कस्टमर की डिटेल मांगी, लेकिन जानकारी न मिलने पर आक्रोशित होकर हंगामा कर दिया। इससे काफी देर तक काम प्रभावित रहा। संवाद
फैक्टरी से लौट रहे युवक को गिराकर बाइक लूटी : थाना नारखी क्षेत्र के गांव कपावली निवासी जीतू पाराशर शुक्रवार रात करीब नौ बजे मथुरा नगर स्थित एक फैक्टरी से काम कर बाइक से घर लौट रहे थे। कपावली चौराहे से करीब 200 मीटर पहले कोटला रोड पर एक कोल्ड स्टोरेज के सामने बाइक सवार दो बदमाशों ने पीछे से झपट्टा मारकर उन्हें गिरा दिया और बाइक लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने थाना नारखी में तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद