बाइक सवार बदमाशों ने पीछा करते युवक पर चाकू से किया हमला
मोबाइल छीन कर भागे थे बदमाश, पीछा करने पर किया चाकू से हमला
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। भाई की दुकान पर जा रहे युवक से रास्ते में कुछ बाइक सवार बदमाशों ने मोबाइल छीन लिया। पीछा करने पर बाइक सवार बदमाशों ने युवक पर चाकू से हमला बोल कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। गंभीर स्थिति में युवक को आगरा रेफर किया गया है।
घटना सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे की है। नदीम (22) निवासी मोहम्मदगंज थाना दक्षिण सोमवार की शाम को अपने भाई फराज की दुकान पर थाना रसूलपुर क्षेत्र की ओर जा रहा था। फराज की दुकान थाना रसूलपुर के समीप है। रास्ते में जैसे ही नदीम पुराना रसूलपुर के समीप शहीद चौक के पास पहुंचा। वैसे ही पीछे से आये बाइक सवार दो बदमाशों ने नदीम से मोबाइल छीन कर भागने लगे। गली में होकर भागे बदमाशों का पीछा करते हुए नदीम बीपीएल ग्रांउड स्थित सोनी ग्लास के समीप पहुंचा। वैसे ही बाइक सवार बदमाशों ने बाइक रोक कर नदीम पर चाकू से हमला बोल दिया। बदमाशों ने उसके हाथ और पेट में चाकू से प्रहार किए। शोरगुल सुनकर लोग दौड़े लेकिन तब तक बदमाश वहां से रफूचक्कर हो गए। वहीं स्थिति गंभीर होने पर नदीम को आगरा रेफर किया गया है। दक्षिण थाना प्रभारी राजेश पांडेय ने बताया कि घटना की सूचना मिली है, जांच की जा रही है।