फीरोजाबाद। बेखौफ हुए युवकों ने दिन दहाड़े बोधाश्रम रोड पर सिपाही पर फायरिंग कर दी। सिपाही घर से मथुरा ड्यूटी पर जा रहा था। इससे पूर्व बदमाशों ने दाऊ दयाल गर्ल्स डिग्री कालेज और बोधाश्रम रोड स्थित मिठाई की दुकान के समीप हवाई फायरिंग की थी। दिनदहाड़े हुई घटना से क्षेत्र में दहशत फैल गई और आरोपी मौके से फरार हो गए।
उत्तर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खेड़ा निवासी सिपाही रंधौर सिंह वर्मा वर्तमान में पुलिस लाइन मथुरा में तैनात हैं। उसके बच्चे खेड़ा मोहल्ले में रहते हैं। रविवार रात वह मथुरा से बच्चों के पास आए थे। सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे वह ड्यूटी पर जाने के लिए घर से निकल कर बोधाश्रम स्थित कमला नेहरू स्कूल के समीप पहुंचे तभी बाइक सवार तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया। गालीगलौज कर उनके ऊपर फायर झोंक दिया। वह बाल-बाल बचे। गोली चलते ही क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई। आसपास के लोग हिम्मत कर युवकों को पकड़ने के लिए दौड़े तो वह फायरिंग करते हुए भाग निकले। सिपाही ने कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना पर सीओ सिटी राजेश चौधरी के साथ कोतवाल उत्तर शशिकांत शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने सिपाही से पूछताछ करते हुए युवकों की तलाश शुरू की लेकिन उनका कहीं पता नहीं चला। वहीं प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक सवारों ने सिपाही पर फायरिंग करने से पूर्व हाइवे स्थित दाऊ दयाल कालेज के सामने भी गोली चलाई थीं। यहां पर भगदड़ मची तो वह तिलक नगर की गलियों से होते हुए बोधाश्रम रोड पर पहुंच गए। यहां मिठाई की दुकान के सामने भी फायरिंग की। इसके बाद उन्होंने अगला निशाना सिपाही को बनाया था। कोतवाल उत्तर का कहना है कि सिपाही की तहरीर पर मामला दर्ज कर बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जाएंगे।
युवक ने बनाई वीडियो क्लिपिंग
सिपाही पर फायरिंग कर भाग रहे युवकों का एक राहगीर से भी विवाद हुआ था। उन्होंने राहगीर की पिटाई कर दी थी। उसने युवकों की वीडियो क्लिपिंग बना ली है। अब पुलिस क्लिपिंग के जरिए युवकों की तलाश कर रही है।
बेखौफ होकर दिया वारदात को अंजाम
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बदमाशों ने बेखौफ होकर फायरिंग की। बदमाश बाइक पर हाथों में तमंचे लिए हवा में लहरा रहे थे। इसके चलते राहगीर और दुकानदार उनका विरोध भी नहीं कर सके।