बाइक सवार की मौत के बाद मौके पर लगी ग्रामीणों की भीड़।
- फोटो : बाइक सवार की मौत के बाद मौके पर लगी ग्रामीणों की भीड़।
टूंडला। रसूलाबाद मार्ग पर आरसी गिट्टी डाल रही फियोरी मशीन ने बाइक सवार को चपेट में ले लिया। हादसे में बाइक सवार की मौके पर मौत हो गई। हादसा होने पर ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस को शव नहीं उठाने दिया। परिजन के पहुंचने के बाद ही ग्रामीणों ने शव को उठने दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए फिरोजाबाद भेजा है। आगरा के थाना फतेहाबाद अंतर्गत गांव शालूबाई निवासी 45 वर्षीय हरीशचंद्र की भतीजी रजनी की तबीयत खराब है। वह बुधवार शाम तीन बजे के करीब उसका इलाज कराने के लिए भाई प्रेमसिंह के साथ अलग-अलग बाइकों से थाना नगला सिंघी के गांव छाहरी निवासी भगत लक्ष्मण सिंह के पास जा रहे थे। भतीजी भाई की बाइक पर सवार थी तो वह अलग अपनी पल्सर बाइक पर सवार थे। भाई भतीजी के साथ उसकी बाइक से आगे निकल गए थे। इसी बीच हरीशचंद्र जैसे ही गांव बालमपुर के पास पहुंचे तभी आरसीसी डाल रही फ़ियोरी मशीन से बाइक की भिड़ंत हो गई।
हादसे में हरीशचंद्र की मौके पर मौत हो गई। हादसा होते ही ग्रामीण एकत्रित हो गए। सूचना पर पहुंची थाना नगला सिंघी पुलिस को ग्रामीणों ने शव को उठने नहीं दिया तथा हंगामा करने लगे। हरीशचंद्र के परिजन के आने पर ही ग्रामीण शांत हुए। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। हरीशचंद्र दिल्ली में अगरबत्ती बेचने का काम करता था। दो दिन पूर्व ही वह गांव लौटा था। वह अपने पीछे तीन पुत्र व एक बेटी को बिलखते हुए छोड़ गया है। थाना प्रभारी शिव कुमार चौहान का कहना है कि हादसे में बाइक सवार की मौत हुई है। मशीन चालक घटना के बाद भाग गया है। मृतक के पुत्र योगेंद्र ने अज्ञात चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। चालक की तलाश की जा रही है।