फिरोजाबाद। थाना रसूलपुर क्षेत्र में पिता के साथ बाइक से शिकोहाबाद पेपर देने जा रहे बीएससी द्वितीय वर्ष के छात्र की बाइक डिवाइडर से टकराने से मौत हो गई। जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घायल पिता को सरकारी ट्राॅमा सेंटर में भर्ती कराया है।
खंजापुर निवासी नितिन (22) मैनपुरी रोड स्थित एक कॉलेज से बीएससी द्वितीय वर्ष की पढ़ाई पूरी कर रहा था। सोमवार को पिता जयवीर के साथ बाइक से पेपर देने के लिए शिकोहाबाद जा रहा था। तभी भारत टॉकीज के पास पहले से खड़े ऑटो को बचाने के चक्कर में बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पिता को गंभीर हालत में सरकारी ट्राॅमा सेंटर में भर्ती करा दिया। छात्र की मौत की जानकारी होते ही परिजन के बीच कोहराम मच गया। परिजन ने बताया कि नितिन पढ़ाई में बहुत ही होशियार था। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पवार ने बताया कि परिजन द्वारा दी गई तहरीर प्राप्त हो गई है। मुकदमा दर्ज कर मामले में कार्रवाई की जाएगी। छात्र के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजन को सौंप दिया है।