भाई दूज पर जिला कारागार में निरूद्ध भाइयों के तिलक करने बहनें पहुंची। इस दौरान कारागार परिसर में
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। भाई दौज पर भाइयों को तिलक करने के लिए जिला कारागार पर सुबह से ही बहनें उमड़ पड़ी। बहनों ने भाइयों के तिलक कर मिष्ठान खिलाया। इस दौरान बहनों ने भाई की लंबी उम्र की कामना की। जेल प्रशासन की ओर से चाक चौबंद व्यवस्थाएं की थीं। जिला कारागार में बंद भाइयों के तिलक करने के लिए सुबह छह बजे से महिलाएं पहुंचना शुरू हो गई। जेल प्रशासन की ओर से पर्ची बनाने के साथ सघन तलाशी कर प्रवेश दिया गया।
जेल के मुख्य गेट में प्रवेश के बाद अंदर बूथ बनाकर महिलाओं की महिला पुलिस कर्मियों द्वारा चेकिंग की गई। महिलाओं को सिर्फ नारियल का गोला ले जाने की छूट दी गई। पहली मिलाई दस बजे तक चली। इसके बाद दूसरा राउंड शुरू हुआ। जेल में बंद भाइयों को देखकर कुछ बहनें गले मिलीं और सिसकने लगीं तो भाइयों ने ढांढस बंधाया। जेल अधीक्षक मोहम्मद अकरम खान पूरी व्यवस्था पर निगरानी करते नजर आए। जेलर एलपी कुमार, डिप्टी जेलर कमलेश कुमारी के ही साथ अन्य स्टाफ ने व्यवस्थाएं संभालीं। जेल के बाहर एसओ पचोखरा संजय सिंह,गौरीशंकर पटेल पुलिस बल के साथ मुस्तैद थे।