फीरोजाबाद में खंडपीठ की मांग को लेकर आगरा के अधिवक्ताआें द्वारा शनिवार को फीरोजाबाद न्यायालय में हुंकार भरी गई। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपने से पूर्व हाईवे जाम कर दिया।
जनपद न्यायालय परिसर में बने बार हाल में आगरा से बार काउंसिल आफ उत्तर प्रदेश की सदस्य दरवेश सिंह, यूथ बार अध्यक्ष हेमंत भारद्वाज, आगरा संघर्ष समिति के महासचिव अरुण सोलंकी ने बार एसोसिएशन फीरोजाबाद के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद यादव के साथ अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि आगरा में खंडपीठ की स्थापना होती है तो वादकारियों को सर्वाधिक लाभ होगा। आगे की रणनीति आगामी सोमवार को बनाने की बात कही।
इसके बाद अधिवक्ता नारेबाजी करते हुए नेशनल हाईवे पर पहुंच गए। जाम की सूचना पर नगर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल आ गया। यहां पीएम नरेंद्र मोदी तथा सीएम अखिलेश यादव के नाम ज्ञापन सौंपते हुए जाम खोल दिया। सम्मेलन का संचालन महासचिव सर्वेश यादव ने किया। जाम के दौरान प्रभात नगीना, धर्म सिंह यादव, शंकरलाल, अजय यादव, लज्जाराम आदि मौजूद थे।