आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से बीएड की परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। 18 से 29 अगस्त तक ओएमआर शीट आधारित परीक्षाएं दो पाली में होंगी। पहली पाली पूर्वाह्न 11 से दोपहर एक बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा अपराह्न 3 से 5 बजे तक होगी।
परीक्षा कार्यक्रम के साथ एक बार फिर विश्वविद्यालय प्रशासन ने बीएड के प्रश्नपत्रों का फाॅर्मेट बताया है। प्रत्येक प्रश्नपत्र में 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। दो घंटे में किन्हीं 80 प्रश्नों के उत्तर देने होंगे।
वहीं, बीडी-106 (षष्ठम शिक्षण प्रश्नपत्र) में परीक्षार्थी की ओर से चयनित दो प्रश्नपत्र जिसमें 100-100 प्रश्न हैं। परीक्षार्थी को 50-50 प्रश्न हल करने होंगे। इसके लिए तीन घंटे का समय (पूर्वाह्न 11 से दोपहर 2 बजे तक) मिलेगा।
परीक्षा में काउंसिलिंग के माध्यम से प्रवेशित परीक्षार्थी ही शामिल हो सकेंगे। परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओमप्रकाश के मुताबिक बीएड कॉलेजों की लॉग इन आईडी पर परीक्षा का कार्यक्रम उपलब्ध करा दिया है। उनसे नोटिस बोर्ड पर चस्पा करने के लिए कहा गया है। परीक्षार्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जाकर भी परीक्षा का कार्यक्रम देख सकते हैं।