खैरगढ़ (फिरोजाबाद)। हाथवंत ब्लाॅक में क्षेत्र पंचायत सदस्यों का ब्लाॅक प्रमुख के रवैये के विरोध में धरना प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी रहा। बीडीसी सदस्यों का आरोप है कि उनके प्रस्तावों पर कोई विकास कार्य नहीं कराए जा रहे हैं।हाथवंत ब्लाॅक के बीडीसी सदस्यों को धरना मंगलवार को भी जारी रहा था। भाजपा के वार्ड संंख्या 65 के बीडीसी सदस्य प्रमोद कुमार धनगर ने कहा ब्लाॅक प्रमुख द्वारा बीडीसी सदस्यों के प्रस्तावों पर कोई विकास कार्य नहीं कराए जा रहे हैं। एक वर्ष में होने वाली छह बैठकों तक को नहीं कराई गईं। क्षेत्र पंचायत सदस्यों के कहने पर भी कार्य न कराए जाने से आक्रोश व्याप्त है। दो दिन से चल रहे धरना स्थल पर मंगलवार की शाम बीडीओ जितेंद्र कुमार पहुंचे। उन्होंने आश्वासन दिया कि उनकी समस्याओं का निदान कराया जाएगा। इसी के साथ धरना समाप्त करने की घोषणा कर दी। इस दौरान मुख्य रूप से सतीश चंद्र चक, मुन्नीलाल, उदयवीर सिंह, सत्य प्रकाश, सूरज सिंह, रघुनाथ सिंह, मनोज कुमार, परमेंद्र कुमार शामिल थे।