टूंडला। रेलवे प्रशासन नए साल के अवसर पर यात्रियों और राजघाट जाने वाले तीर्थयात्रियों को बड़ा तोहफा देने जा रहा है। कोरोना काल से पिछले पांच वर्षों से बंद पड़ी बरेली-बांदीकुई पैसेंजर (ट्रेन नंबर 54356/54355) को दोबारा संचालित करने का निर्णय लिया गया है। रेलवे बोर्ड के निदेशक (कोचिंग) ने इस संबंध में पत्र जारी कर दिया है और जल्द ही इसके संचालन की तिथि घोषित की जाएगी।
शेड्यूल के अनुसार यह ट्रेन बरेली से रात 9:05 बजे चलकर चंदौसी, अलीगढ़ और मितावली होते हुए सुबह 5:05 बजे एत्मादपुर पहुंचेगी, जहां से यह बांदीकुई के लिए रवाना होगी। वापसी में यह ट्रेन बांदीकुई से दोपहर 2:50 बजे चलकर रात 9:12 बजे एत्मादपुर पहुंचेगी और फिर बरेली के लिए प्रस्थान करेगी। इस ट्रेन के शुरू होने से एत्मादपुर और आसपास के क्षेत्र के यात्रियों को आवागमन में काफी सुगमता होगी। संवाद