जसराना- तहसीलदार को समस्या सुनाने पहुंचे एलडीबी अध्यक्ष नीलकमल यादव
- फोटो : FIROZABAD
जसराना। उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड से ऋण लेने वाले किसानों की जमीनों को भुगतान किए बिना ही तहसील के कर्मचारियों ने बंधन मुक्त कर दिया। शिकायत लेकर तहसील पहुंचे बैंक के अध्यक्ष नीलकमल यादव ने तहसीलदार पर शिकायत न सुनने का आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी से शिकायत करने की चेतावनी दी है।
एलडीबी बैंक द्वारा दिए गए ऋण को किसानों से वसूली करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत ही मैनेजर अनुज सक्सेना ने अध्यक्ष को बताया कि किसानों ने ऋण को चुकता नहीं किया है और तहसील के कर्मचारियों ने खतौनी में किसान को ऋण मुक्त कर दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए शाखा प्रबंधक एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष पूरन सिंह, अरविंद राजपूत के साथ शिकायत दर्ज कराने तहसीलदार के पास पहुंचे। बैंक अध्यक्ष से तहसीलदार ने मिलने से मना कर दिया। शाखा प्रबंधक ने बताया ऋण न देने पर भी ऋण चुकता दिखाया गया है ,जबकि ऋण लेने वाले किसानों की जमीनों को बंधक भी नहीं किया जा रहा है।
एलडीबी अध्यक्ष नीलकमल यादव ने कहा तहसील कर्मचारियों की लापरवाही की शिकायत लेकर तहसीदार के पास गए थे, लेकिन जनहित की बात को भी सुनने से मना कर दिया। लापरवाही की शिकायत जिलाधिकारी से की जाएगी। पार्टी के जिला अध्यक्ष मानवेंद्र प्रताप सिंह लोधी को पूरी जानकारी दी गई है। तहसीलदार ब्रहमानंद कठेरिया ने बताया सुप्रीम कोर्ट द्वारा भेजे एक महत्वपूर्ण मामले को देखने के कारण कुछ समय बाद मिलने को कहा था। शिकायत मिलने पर समस्या को दूर किया जाएगा।