फिरोजाबाद। बालाजीधाम हनुमान मंदिर में अब ईट राइट अभियान का प्रभाव साफ दिखाई देने लगा है। मंदिर प्रबंधन समिति और खाद्य विभाग की संयुक्त पहल से मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में परिवर्तन हुआ है। प्रसाद वितरण में पॉलिथिन का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है और स्वच्छता को लेकर नियम लागू किए गए हैं।
खाद्य विभाग और मंदिर प्रबंधन समिति के सहयोग से बालाजीधाम मंदिर को हाल ही में एफएसएसएआई भारत सरकार की ओर से ईट राइट प्लेस ऑफ वर्सिप का प्रमाणपत्र प्रदान किया गया है। इसके बाद से एफडीए विभाग द्वारा कई बार निरीक्षण कर दुकानदारों को एप्रिन पहनने, पॉलिथिन का प्रयोग न करने, कूड़ेदान रखने और साफ-सफाई बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया।
मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से राजेश गुप्ता ने बताया कि प्रमाणपत्र मिलने के बाद नियमित रूप से लाउडस्पीकर के माध्यम से फूड सेफ्टी और स्वच्छता को लेकर संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं। अब दुकानदार पॉलिथिन की जगह कपड़े के थैलों का उपयोग कर रहे हैं। प्रसाद विक्रेता एप्रिन पहनकर कार्य कर रहे हैं और श्रद्धालुओं से कूड़ा कूड़ेदान में डालने की अपील की जा रही है।
बालाजीधाम मंदिर में प्रत्येक माह करीब पांच लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। सहायक आयुक्त (खाद्य) चंदन पाण्डेय ने बताया कि बालाजीधाम में इस पहल को और सघन रूप से लागू किया जाएगा। साथ ही जनपद के अन्य प्रसिद्ध मंदिरों को भी ईट राइट प्लेस ऑफ वर्सिप के दायरे में लाने के लिए खाद्य विभाग द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।