सदर बाजार स्थित एक दुकान से साड़ियों की खरीदारी करतीं मुस्लिम महिलाएं
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। शनिवार और रविवार को वीकेंड लॉकडाउन के तहत बाजार बंद रहेंगे। शनिवार को ईद-उल-अजहा और सोमवार को रक्षाबंधन का पर्व है। ईद का पर्व वीकेंड लॉकडाउन में मनाया जाएगा वहीं रक्षाबंधन से एक दिन पहले रविवार को बाजार बंद रहेंगे। ऐसे में बृहस्पतिवार को बाजार में जमकर खरीदारी हुई। काफी भीड़ रही। परचून बाजार बजरिया और सदर बाजार में भी जाम जैसी स्थिति रही। ईद के लिए मुस्लिम महिलाएं बाजार में बच्चों के साथ खरीदारी करने और मेवा आदि खरीदने में जुटी रहीं तो रक्षाबंधन के लिए बहनें भी राखी आदि की खरीद करती दिखाई दीं। भीड़ से बाजार गुलजार दिखे।
ईद को लेकर हाजीपुरा और नालबंदान क्षेत्र के बाजार में भीड़ नजर आई। कोई घर की डेकोरेशन के लिए सामान खरीद रहा था, तो कोई साड़ियां। इस बीच बच्चों के लिए भी नए कपड़े की खरीदारी की गई। कांच के आइटमों को भी लोगों ने खूबे खरीदा। कुछ इसी तरह का नजारा शहर के प्रमुख सदर बाजार में देखने को मिला। भाइयों की कलाई पर राखी बांधने के लिए बहने दोपहर बाद से ही बाजार पहुंचना शुरू हो र्गइं। राखी विक्रेताओं की दुकानों और फड़ों पर खड़े होकर महिलाएं व युवतियां राखियां लेने को विवश हो रही थी। साड़ी, ज्वैलरी और चूड़ियों की महिलाओं द्वारा जमकर खरीदारी की। भीड़ के चलते बाजार में जाम के हालत बने रहे।