फिरोजाबाद। शिकोहाबाद बड़ा बाजार में सड़क पर आढ़े तिरछे वाहन खड़े करने से लगा जाम।
- फोटो : FIROZABAD
शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। बड़ा बाजार में पीएनबी के पास उपभोक्ताओं द्वारा वाहनों को आड़ा-तिरछा खड़ा करने से आए दिन जाम लग जाता है। जिससे बाजार जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। लेकिन पुलिस प्रशासन इस तरफ कोई ध्यान नहीं देता है।
बड़ा बाजार नगर का मुख्य बाजार है। यहां गुड़ मंडी के साथ ही किराना की थोक दुकानें हैं। इसी रोड पर कमला मार्केट के सामने पंजाब नेशनल बैंक भी है। पार्किंग की जगह न होने के कारण उपभोक्ता बैंक के सामने वाहनों को आड़ा-तिरछा खड़ा कर देते हैं। जिससे सड़क पूरी तरह से जाम हो जाती है। दोपहर के समय जब स्कूलों की छुट्टी होती है तब यहां हालात बेकाबू हो जाते हैं। पूरी सड़क जाम हो जाती है। सत्यम सदन पर इस संबंध में योगेश गुप्ता की अध्यक्षता में व्यापारियों की एक बैठक हुई। जिसमें बड़ा बाजार में आए दिन जाम की समस्या से निजात दिलाये जाने की प्रशासन से मांग की।
प्रशासन नहीं चलवा पा रहा अतिक्रमण अभियान
नगर में सड़कों पर स्थाई और अस्थाई दुकानदारों एवं प्रतिष्ठान स्वामियों ने अवैध रूप से अतिक्रमण कर रखा है। जिसको हटाने के लिए एसडीएम एकता सिंह ने कई बार प्रयास किया, लेकिन नगर पालिका से तालमेल न बैठ पाने से नगर में अतिक्रमण हटाओ अभियान नहीं चल पा रहा है। विगत माह रुकनपुर से प्रारंभ हुआ, लेकिन एक दिन चलने के बाद ठप हो गया। क्षेत्रीय जनता ने प्रशासन से अतिक्रमण अभियान चलाये जाने की मांग की है।