पिछड़े वर्ग का मान सम्मान सिर्फ भारतीय जनता पार्टी में ही सुरक्षित है। अभी तक अन्य दलों ने पिछड़ों को ठगने का काम किया है, परंतु अब ऐसा नहीं होगा। यह बातें पूर्व सांसद व भाजपा पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल ने अपने स्वागत समारोह के दौरान कहीं।
उन्होंने कहा कि पूरे देश में पिछड़े समाज को अभी तक दबाया जाता रहा है। परंतु भाजपा ने पिछड़े वर्ग को पूरा सम्मान दिया है। पार्टी नेतृत्व ने उन्हें जो जिम्मेदारी दी है वह उसे पूरी निष्ठा के साथ निभाते हुए पार्टी से पिछड़े वर्ग को पूरी तरह से जोड़ने का कार्य करेंगे। पूरे देश में एक ऐसी लहर पैदा की जाएगी, जिससे पिछड़ा वर्ग एकजुट हो सके। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आज तीव्र गति से तरक्की कर रहा है। इसे विपक्षी दल हजम नहीं कर पा रहे हैं। उन्हें हमेशा के लिए अपनी सत्ता जाती दिखाई दे रही है। उनका स्वागत करने वालों में जिला महामंत्री उदयप्रताप सिंह, अवधेश पालीवाल, पुष्पेंद्र गुप्ता, शिवशंकर शर्मा, जयजीव पाराशर, द्विजेंद्र विक्रम सिंह परमार, राजीव गुप्ता, दुष्यंत सिंह, राजेश कुलश्रेष्ठ, विनोद पाल सिंह, अनंत प्रताप सिंह, दिनेश गुप्ता, हरीश चंदानी आदि प्रमुख रूप से थे। इसी क्रम में नगला बीच में प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल के ओबीसी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर हर्ष व्यक्त किया गया। हर्ष व्यक्त करने वालों में बालकिशन गुप्ता, उदयराज सिंह, विनोद कुमार जादौन, अशोक सिंह, शंभू दयाल, राहुल गुप्ता आदि प्रमुख रूप से थे।