फिरोजाबाद। बाबा नीबकरोरी की जन्मस्थली नागऊ को करीब 865.98 लाख रुपये की धनराशि से सजाया संवारा जाएगा। कांच उद्यमियों के संगठन यूपीजीएमएस की मांग पर पर्यटन विभाग ने विकास कार्यों को हरी झंडी दे दी है। सदर तहसील क्षेत्र के गांव नागऊ स्थित बाबा नीबकरोरी की जन्मस्थली के कायाकल्प-सौंदर्यीकरण का रास्ता साफ हो गया है। विश्व प्रसिद्ध संत बाबा नीबकरोरी की जन्मस्थली के विकास के लिए उत्तर प्रदेश ग्लास मैन्युफैक्चरर एसोसिएशन की ओर से जिला व मंडलीय उद्योग बंधु की बैठक में प्रस्ताव दिया था। उद्यमी संगठन के प्रस्ताव को शासन से हरी झंडी मिलने के साथ ही करीब 865.98 लाख रुपये की धनराशि भी स्वीकृत की गई है।
ये होंगे विकास कार्य
फोटो गैलरी, मुख्य संपर्क मार्ग पर सीसी निर्माण, सोलर सिस्टम, पेयजल व्यवस्था के अलावा पर्यटन से जुड़ी जरूरी व्यवस्था व सुविधाएं विकसित की जाएंगीं।
-
चौराहे के नाम परिवर्तन के प्रस्ताव को नहीं मिली मंजूरी
उसायनी चौराहे से बाबा नीबकरोरी की जन्मस्थली नागऊ जाने वाले मार्ग स्थित चौराहे का नाम भी परिवर्तन का प्रस्ताव था, लेकिन पर्यटन विभाग ने इस बिंदु पर अंतर विभागीय स्तर पर कार्रवाई किए जाने की बात कही है।
नागऊ स्थित बाबा नीबकरोरी धाम के कायाकल्प व सौंदर्यीकरण के लिए शासन से मंजूरी व आवश्यक धनराशि अवमुक्त हो गई है। सौंदर्यीकरण व अवस्थापना को टेंडर प्रक्रिया पूरी करा ली है।
विशाल श्रीवास्तव, क्षेत्रीय अधिकारी पर्यटन