फिरोजाबाद। अयोध्या में श्रीरामजन्म भूमि को लेकर सर्वोच्च न्यायालय का फैसला आने वाला है। अयोध्या मुद्दे की संवेदनशीलता के मद्देनजर प्रशासन अभी से अलर्ट है। जिले के सभी थाने और चौकियां अलर्ट कर दी गई हैं। आपसी सौहार्द बनाने के लिए प्रशासन ने अभी से होमवर्क शुरू कर दिया है। जिले भर में शांति कमेटी की बैठक आयोजित की जा रही हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस प्रशासन के अधिकारी और बीट सिपाही जाकर सभी वर्ग और समाज के लोगों से मिलकर संवाद कर रहे हैं। शनिवार को डीएम और एसएसपी ने शहर के प्रमुख लोगों के साथ के साथ बैठक की।
थाना उत्तर में डीएम चंद्र विजय सिंह और एसएसपी सचिंद्र पटेल ने शांति व्यवस्था के लिए बैठक ली। बैठक में डीएम ने विभिन्न समुदायों, संगठनों, व्यापार मंडल और शहर के संभ्रांत लोंगों के साथ सीधा संवाद किया। रामजन्म भूमि विषय पर सर्वोच्च न्यायालय के फैसले को मानने की अपील की। उन्होेंने कहा कि हमारा देश संविधान से चलता है। यहां कानून का राज है, इसलिए सर्वोच्च न्यायालय का फैसला सभी को मान्य होगा। उन्होंने सभी से कहा कि ऐसी कोई बात न की जाए जिससे शहर का सामाजिक ताना-बाना छिन्न-भिन्न हो। बैठक में नगर मजिस्ट्रेट कुवंर पंकज, एसपी सिटी प्रबल प्रताप, सीओ इंदु प्रभा भी मौजूद रहीं।
अफवाह फैलाने वालों और सोशल मीडिया पर पैनी नजर
डीएम और एसएसपी ने सख्त लहजे में कहा कि अराजक तत्वों और अफवाह फैलाने वालों पर पैनी नजर रखी जाएगी। ऐसे लोगों को अभी से चिह्नित किया जा रहा है। ऐसे लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वाली पोस्टों पर ध्यान न दें। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट करने वालों को सख्त हिदायत दी की वह कोई भी पोस्ट बिना सत्यापित किए फारवर्ड न करें।
सोशल मीडिया सेल का गठन, डिजिटल वालंटियर ग्रुप तैयार
पुलिस लाइन में सोशल मीडिया सेल का गठन किया जा चुका है। प्रत्येक पोस्ट पर निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि सभी थाना स्तर पर डिजिटल वालंटियर ग्रुप तैयार किया गया है, जो पूरी तरह सक्रिय है। वह प्रत्येक गतिविधियों पर अपना ध्यान केंद्रित किये हुए हैं। इनकी सीधी जानकारी उच्च अधिकारियों के संज्ञान में तत्काल लाना है।
समाजसेवियों ने दिया सौहार्द कायम रखने का भरोसा
फिरोजाबाद। शांति कमेटी की बैठक में विभिन्न संगठनों से जुडे़ लोगों ने आपसी सौहार्द कायम रखने का भरोसा दिया। व्यापार मंडल अध्यक्ष रवींद्रलाल तिवारी ने सड़क, सुरक्षा, पेयजल, सफाई एवं बिजली की सही आपूर्ति हो। आपसी सौहार्द का भरोसा दिया। व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष अंबेश शर्मा ने कहा कि इस शहर ने हमेशा कौमी एकता की मिशाल कायम की है। हनीफ खाकसार ने कहा कि हिंदू, मुस्लिम सभी एक दूसरे की ईद और दीवाली पर मिठाई खाने के लिए जाते हैं। सुप्रीमकोर्ट का जो भी फैसला होगा उसे सभी का मानना होगा। विश्व हिंदू परिषद के गोरक्षा प्रमुख दिनेश भारद्वाज ने कविता के माध्यम से आपसी सौहार्द का पैगाम दिया। एआईएमआईएम के जिलाध्यक्ष मेहराज फिरदौसी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का जो फैसला होगा वह मान्य होगा। विहिप के रमाकांत पचौरी ने कहा कि सुप्रीमकोर्ट का फैसला सर्वेपरि है। बैठक में आमिर नमाज,कौशल किशोर उपाध्याय, असलम भोला भी मौजूद रहे।