फिरोजाबाद। थाना उत्तर के सुभाष चौराहे पर डग्गामार माफिया ने एक ऑटो चालक व कबाड़ बीनने वाले नाबालिगों को जमकर पीटा। मामले की वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ शांतिभंग में कार्रवाई कर दी है। माफिया के हौंसले बुलंद हैं। वह आए दिन इस प्रकार का हंगामा करता रहता है। सुभाष चौराहे पर डग्गामार माफिया वाहनों व ऑटों में सवारियां भी उनके हिसाब से ही बैठाई जाती हैं। ऐसा न करने वाले यहां से सवारी नहीं ले जा पाते हैं। सोमवार रात एक डग्गामार माफिया ने एक ऑटो चालक व कबाड़ बीनने वाले नाबालिगों को पकड़ लिया। पहले तो उनके साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर बीच चौराहे पर उनकी बेरहमी से पिटाई कर दी। नाबालिग पिटाई से बचने के लिए हाथ छुटाकर कई बार दौड़ इसके बाद भी माफिया पुन: पकड़कर उन्हें पीटने लगता था। पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस कार्रवाई में जुटी। थाना प्रभारी वैभव कुमार सिंह ने बताया कि वीडियो का संज्ञान लेकर एक युवक को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई है।