विधानसभा चुनाव 2017 के लिए ईवीएम मशीनों की जांच का काम कलक्ट्रेट प्रांगण में मंगलवार से शुरू हो गया। कंपनी के प्रतिनिधियों ने राजनीतिक दलों की उपस्थिति में स्ट्रांग रूम खुलवाने के साथ जांच शुरू की। जांच का काम आगामी 15 नवंबर तक संचालित होगा। खराब मशीनें अलग कर दी जाएंगी।
फीरोजाबाद जिले की पांच विधानसभा क्षेत्रों में 1868 बूथों के लिए इतनी ही ईवीएम मशीनों की जरूरत होगी। आयोग ने जिले में 2413 कंट्रोल यूनिट और 2850 बैलेट यूनिट को भिजवाया था। हालांकि इसकी ऑनलाइन फीडिंग का काम पिछले कई दिनों से चल रहा था। फीडिंग होने के बाद मशीनों की जांच करने के लिए भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर ईसीआईएन कंपनी के इंजीनियर आए। इनके द्वारा सभी मशीनों की जांच की जाएगी। मंगलवार को डीएम और जिला निर्वाचन अधिकारी राजेश प्रकाश के निर्देश पर एडीएम उदय सिंह ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि की मौजूदगी में स्ट्रांग रूम खोला गया। रूम खोलने के साथ ही ईवीएम की जांच का काम शुरू हो गया। ईवीएम के जांच का काम 25 अक्तूबर से 15 नवंबर तक चलेगा। खराब मशीनों को ठीक करने के लिए अलग से टीम जिले में आएगी। एडीएम एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी उदय सिंह , एसओसी चकबंदी पुष्कर बाबू, सीओ चकबंदी धीरेंद्र कुमार, बसपा जिलाध्यक्ष चौधरी सालिग सिंह, भाजपा के शेर सिंह राजपूत एडवोकेट, सीपीआई के आरडी पालीवाल, प्रभारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी राजेंद्र सिंह, नरसिंह, सुभाष यादव आदि मौजूद रहे।