शिकोहाबाद। हर घर नल से जल और जल जीवन मिशन को जल निगम ने पलीता लगा दिया। शहर में हर घर तक जलापूर्ति करने को जल निगम द्वारा बिछाई गईं पाइप लाइनें पेयजल आपूर्ति शुरु होने के साथ ही कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गईं। इसके चलते हजारों लीटर पानी सड़कों पर फैलने लगा। साथ ही नालियों का गंदा पानी पाइप लाइन से होते हुए घरों तक पहुंचना शुरू हो गया है।
शहर में हर घर तक जलापूर्ति करने के लिए हर घर नल से जल के तहत जल जीवन मिशन के तहत शिकोहाबाद में जलनिगम द्वारा लाइन बिछाई गई है। विभाग के अधिकारियों के निर्देशन में शहर के गंगा नगर एवं अन्य इलाकों में जल निगम द्वारा पाइप लाइनों को लगभग 6 माह पूर्व बिछाया गया था। तब से इन पाइप लाइनों में पेयजल आपूर्ति ट्रायल बतौर की जा रही थी। पाइप लाइन बिछाने और पानी शुरु होने के साथ ही पाइप लाइन कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई। जिससे हजारों लीटर पानी सड़कों पर फैलता हुआ दिखाई दिया। पाइप लाइन के बिछने के बाद उनका यूं क्षतिग्रस्त हो जाना, पाइप लाइन की गुणवत्ता एवं विभाग के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है।
प्रेशर से जलापूर्ति होने पर क्या होगा पाइप लाइनों का हाल ?
शिकोहाबाद। जल निगम द्वारा पाइप लाइन तो बिछा दी गई हैं, लेकिन अभी तक इन पाइप लाइनों में सही से जलापूर्ति भी शुरु नहीं हो सकी है। तब यह हाल है। जगह-जगह पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो रही हैं। जब सही मायनों में इन पाइप लाइनों में जलापूर्ति पूरे प्रेशर के साथ शुरु होगी, तब इनका क्या होगा ?
शहर में पाइप लाइन जल निगम द्वारा बिछाई गई हैं, लेकिन यह क्षतिग्रस्त होने के कारण हमारे पास भी लोगों की शिकायतें आई हैं। हम क्षतिग्रस्त हो रही पाइप लाइनों को सही कराने के लिए जल निगम को पत्र लिखेंगे। - सुरेंद्र प्रताप सिंह, अधिशाषी अधिकारी, शिकोहाबाद