सिरसागंज। उत्तर प्रदेश संस्कृत संस्थान, लखनऊ की ओर से आयोजित जनपद स्तरीय संस्कृत प्रतिभा खोज प्रतियोगिता-2026 में आर्य गुरुकुल महाविद्यालय, सिरसागंज के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
आर्य गुरुकुल महाविद्यालय में आयोजित प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों से विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। मुख्य अतिथि जिला विद्यालय निरीक्षक मुदिता पांडेय ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए संस्कृत के महत्व पर प्रकाश डाला। संस्कृत गीत प्रतियोगिता में आर्य गुरुकुल के विद्यार्थियों ने सभी प्रमुख स्थानों पर कब्जा जमाया। आकाश बाबू ने प्रथम, गौतम बाबू ने द्वितीय और अंशू ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं संस्कृत सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में अभिषेक सिंह प्रथम, सत्यम दुबे द्वितीय और अंश बाबू तृतीय रहे। निर्णायक मंडल में डॉ. रामबदन पांडे, डॉ. अभिषेक कुमार तिवारी, डॉ. राजीव कुमार तिवारी और डॉ. प्रियंका देवी राजपूत, संयोजक अरुण द्विवेदी शामिल रहे। प्राचार्य सत्यकाम सिंह तोमर ने विजेता एवं प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र और प्रतीक चिह्न देकर शुभकामनाएं दीं।