- बहन के केस पर हुआ विवाद, रिकॉर्डिंग के आधार पर कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
शिकोहाबाद। सेना के एक जवान का मोबाइल फोन पर जान से मारने की धमकी देने का एक मामला सामने आया है। सेना के जवान पर पीड़ित एवं उसके बच्चे को जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर और ऑडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
थाना क्षेत्र के मोहल्ला खेड़ा शांति नगर निवासी नितिन कुमार ने थाने में दी तहरीर में बताया कि उसकी छोटी बहन का तलाक का मामला आगरा सिविल कोर्ट में विचाराधीन है, जिसकी 31 मार्च को सुनवाई थी। इसी मामले को लेकर महुआ खेड़ा, आगरा निवासी नरेंद्र उर्फ सुनील, जोकि भारतीय सेना में तैनात है। इन दिनों छुट्टी पर घर आया हुआ है, ने 31 मार्च की शाम करीब चार बजे उसे फोन किया। आरोप है कि फोन पर सेना के जवान ने नितिन एवं उसके बच्चे को जान से मारने की धमकी दी है। पीड़ित ने बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग पुलिस को सौंपी है। पुलिस ने तहरीर और रिकॉर्डिंग के आधार पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।