फिरोजाबाद। भाईदूज के दूसरे दिन सभी लोग अपने-अपने घर जाने के लिए सुबह से ही निकल पड़े थे। जिलेभर के चौराहों पर घर जाने वालों की भारी भीड़ देखने को मिली थी। ऐसे में रोडवेज बस चालकों की मनमानी सिर चढ़कर बोल रही थी। शिकोहाबाद से फिरोजाबाद के लिए परिचालक सवारी नहीं बैठने दे रहे थे। साफ बोल रहे थे कि एआरएम इनकम मांगती हैं। गाड़ी फिरोजाबाद नहीं जाएगी। इस स्थिति में डग्गमार व ऑटो चालकों ने जमकर चांदी काटी। त्योहार पर परिवहन विभाग द्वारा किए गए व्यवस्थाओं के दावे पूरी तरह फेल हो गए। भईया दूज के दूसरे दिन बहनें अपने-अपने घर जाने के लिए सुबह से ही बस स्टैंड के अलावा चौराहों पर पहुंच गईं थी। शिकोहाबाद के हालात तो इतने खराब थे कि रोडवेज बसों के चालक और परिचालक फिरोजाबाद की सवारी को बस में बैठने ही नहीं दे रहे थे। भाईदूज के दिन का एक वीडियो भी वायरल हुआ है। यह वीडियो सवारी ने बनाया था। इसमें परिचालक साफ साफ कहता दिख रहा है कि एआरएम इनकम मांग रहीं हैं। तो हम बस हाइवे से लेकर जाएंगे। फिरोजाबाद बस नहीं जाएगी। इसका वीडियो भी एक सवारी ने बनाया है।
ऐसी स्थिति में डग्गामार और ऑटो चालकों ने जमकर चांदी काटी। शिकोहाबाद से फिरोजाबाद आने के लिए मनमाना किराया वसूल किया गया। इसके अलावा फिरोजाबाद के चौराहों पर लोग रोडवेज बसों का सिर्फ इंतजार ही करते दिखे। उनका इंतजार ही खत्म नहीं हुआ। जबकि कानपुर, फर्रुखाबाद और लखनऊ की ओर जाने वाली बसें नए हाइवे से होकर गुजरतीं रहीं।
त्योहार पर घर लौटने वालों की भीड़ निकली थी। सभी बसें ओवर थीं। सभी चालक और परिचालकों को सवारियों को गंतव्य तक छोड़ने के आदेश दिए गए थे। बस तय रूट से ही निकलेंगी। परिचालक की जांच कराई जाएगी। ऐसा वह आखिर क्यों बोल रहे हैं। मनमानी करने वालों के खिलाफ जांच कर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
-शशिरानी, एआरएम शिकोहाबाद