शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। सपा अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सचिव और उनके परिजन के खिलाफ शिकोहाबाद थाने में दहेज उत्पीड़न और मारपीट की प्राथमिकी दर्ज हुई है। सपा नेता कि पत्नी ने यह प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसमें मैनपुरी के बरनाहल निवासी एक होमगार्ड को भी नामजद किया है।
मोहम्मदमाह शंकरपुरी निवासी संजना सिंह ने बताया कि उसका विवाह मई 2025 में आगरा (आवास विकास कॉलोनी) निवासी आशीष जाटव के साथ हुआ था। आशीष खुद को सपा अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ का राष्ट्रीय सचिव बताता है। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल में 10 लाख रुपये और कार की मांग के लिए प्रताड़ित करने लगे। 7 जनवरी को भाई सचिन, मामा पीके सिंह और मित्र उज्ज्वल मकर संक्रांति का त्योहार लेकर आगरा ससुराल पहुंचे थे। वहां फिर से रुपयों की मांग की गई और मना करने पर ससुरालीजन ने मारपीट की। पीड़िता का आरोप है कि पति आशीष, सास सविता देवी, देवर निखिल, प्रोनीत, मौसी और नानी सास ने मिलकर मायके पक्ष के लोगों को गाली-गलौज कर पीटा। इस दौरान आभूषण भी छीन लिए गए। पीड़िता ने इस साजिश में बिचौलिया रामवीर सिंह निवासी जाफरपुर, पोस्ट बरनाहल, मैनपुरी, जो कि होमगार्ड है, उसको भी नामजद किया है। सीओ शिकोहाबाद अरुण कुमार चौरसिया ने बताया कि थाना शिकोहाबाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।