चिलासनी में धार्मिक स्थल में मूर्ति तोड़े जाने की घटना के बाद मौजूद पुलिस व ग्रामीण। संवाद
- फोटो : चिलासनी में धार्मिक स्थल में मूर्ति तोड़े जाने की घटना के बाद मौजूद पुलिस व ग्रामीण। संवाद
रजावली (फिरोजाबाद)। थाना क्षेत्र के गांव चिलासनी में शुक्रवार रात अराजक तत्वों ने गांव के प्राचीन धार्मिक स्थल के प्रांगण में लगी मूर्ति को उखाड़ दिया और उसे बाहर फेंक दिया। शनिवार सुबह जैसे ही यह खबर फैली, पूरे गांव में तनाव और आक्रोश व्याप्त हो गया।
घटना का पता शनिवार सुबह करीब सात बजे चला, जब ग्रामीण मंजू देवी रोजाना की तरह मंदिर में सफाई करने पहुंचीं। उन्होंने देखा कि मूर्ति अपने स्थान पर नहीं है और बाहर परिसर में उखड़ी हुई पड़ी है। उनके शोर मचाने पर भारी संख्या में ग्रामीण मंदिर पर एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही राष्ट्रीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष शुभम प्रताप सिंह भी कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंच गए और घटना के विरोध में सख्त कार्रवाई की मांग की। तनाव की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष बृजकिशोर सिंह और क्षेत्राधिकारी टूंडला अमरीश कुमार पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया। ग्रामीणों का आरोप है कि धार्मिक स्थल में पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन मूर्ति को अपमानित करने का यह पहला मामला है। सीओ टूंडला ने आश्वासन दिया कि अराजक तत्वों को चिह्नित कर जेल भेजा जाएगा और मूर्ति की पुनः स्थापना कराई जाएगी।
बजरंग दल ने दी आंदोलन की चेतावनी
ग्रामीण सुनील कश्यप ने बताया, मंदिर से पहले भी सामान चोरी हुआ है, लेकिन इस बार जो हुआ वह हृदयविदारक है। बजरंग दल के नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही दोषियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो वे आंदोलन के लिए विवश होंगे। फिलहाल एहतियात के तौर पर गांव में पुलिस पिकेट तैनात कर दी गई है और खुफिया तंत्र भी सक्रिय हो गया है ताकि किसी भी तरह की अफवाह को फैलने से रोका जा सके।