टूंडला। आगरा हाईवे पर मोहम्मदाबाद के निकट रविवार सुबह आगरा से शव लेकर फिरोजाबाद जा रही एंबुलेंस कंटेनर में घुस गई। घटना में महिला सहित पांच लोग घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने उपचार के लिए भेजा है।
थाना दक्षिण अंतर्गत नई बस्ती निवासी शाहबुद्दीन के परिवार के सदस्य की आगरा में मौत हो गई थी। रविवार सुबह साढे़ सात बजे करीब वे आगरा से शव को लेकर एंबुलेंस से घर जा रहे थे। एंबुलेंस गांव मोहम्मदाबाद के निकट पहुंची तभी सामने चल रहे कंटेनर चालक के अचानक ब्रेक ले लेने से कंटेनर में घुस गई।
घटना में शाहबुद्दीन, बाबुद्दीन, शबाना, सायरा व एंबुलेंस चालक घायल हो गए। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने शव के साथ दूसरी एम्बुलेंस से घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। थाना प्रभारी प्रदीप कुमार का कहना है कि हादसे में घायलों को मामूली चोटें आईं थीं। सभी घायलों एवं शव को दूसरी एम्बुलेंस से फिरोजाबाद भिजवा दिया है।