संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजाबाद। औद्योगिक आस्थानों में इंडस्ट्रियल और आवासीय भूखंडों के आवंटन, नामांतरण और हस्तांतरण की प्रक्रिया अब पूरी तरह डिजिटल हो गई है। शासन के निर्देशानुसार यह नई व्यवस्था बीते बुधवार से प्रभावी कर दी गई है। अब पुराने और नए औद्योगिक क्षेत्रों में रिक्त पड़े भूखंडों का आवंटन ई-ऑक्शन (ई-नीलामी) के जरिए संपन्न होगा।
इस व्यवस्था के तहत भूखंडों से जुड़ी हर जानकारी और जरूरी कार्यवाही अब शासन के ऑनलाइन पोर्टल ie-msme.up.gov.in पर उपलब्ध होगी। नई प्रणाली को सुचारू रूप से लागू करने के लिए उद्योग निदेशालय कानपुर में स्थानीय अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशिक्षित भी किया जा चुका है।
उद्योग विभाग सिरसागंज तहसील के रूधऊ मुस्तकील और उरावर हस्तर्फ में नए औद्योगिक आस्थान विकसित कर रहा है, जहां लगभग 54 नए इंडस्ट्रियल भूखंड तैयार किए जाएंगे। उपायुक्त उद्योग संध्या यादव ने स्पष्ट किया है कि इंडस्ट्रियल स्टेट में विभागीय भूखंडों से संबंधित सभी महत्वपूर्ण कार्य अब केवल शासन की निर्धारित वेबसाइट के माध्यम से ही किए जाएंगे।
भूखंडों की स्थिति इस प्रकार है
नगला भाऊ: 84 भूखंड
उसायनी: 94 भूखंड
टूंडला: 56 भूखंड
शिकोहाबाद: 40 भूखंड