फीरोजाबाद विद्युत विभाग में तैनात अवर अभियंताओं को कार्य में लापरवाही करने पर डीएम ने सभी का जनवरी माह का वेतन रोक दिया समीक्षा बैठक में डीएम को लक्ष्य के अनुरूप राजस्व वसूली एवं नए कनेक्शन निर्गत नहीं मिले थे। वहीं ग्रामीण क्षेत्र के सभी जेई को कार्य में सुधार की चेतावनी दी गई है।
डीएम विजय किरन आनंद ने बुधवार प्रात: दो घंटे तक विद्युत विभाग के कार्यों की समीक्षा की। बैठक में उन्हें शहर के अवर अभियंताओं की प्रगति खराब मिली। डीएम ने नाराजगी जाहिर करते हुए सभी अवर अभियंताओं का जनवरी माह का वेतन रोकने के आदेश दिए। डीएम ने चेतावनी दी कि शासन द्वारा दिए गए लक्ष्य के अनुरूप 100 प्रतिशत राजस्व वसूली, बिजली चोरी रोकने एवं नए कनेक्शन देने में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लक्ष्य के अनुरूप कार्य नहीं करने पर एसडीओ और जेई की तीन साल की वेतनवृद्धि रोक दी जाएगी। डीएम ने समीक्षा बैठक में सभी जेई को प्रतिमाह 100 एफआईआर दर्ज कराने, 250 डिसकनेक्शन और नए कनेक्शन कराने, 100 प्रतिशत राजस्व वसूली का लक्ष्य दिया। वहीं उपखंड अधिकारियों को भी नए कनेक्शन कराने का लक्ष्य दिया। इस दौरान एसई वाईपी सिंह, एक्सईएन शंकरलाल, आरबी रॉय, केवी गुप्ता आदि मौजूद रहे।
वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए जानी प्रगति
मुख्य सचिव आलोक रंजन, पावर कॉरपोरेशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बुधवार को वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से जनपद में संचालित विद्युत परियोजनाओं की प्रगति, राजस्व वसूली का हाल, नए कनेक्शन, ओटीएस योजना, बिजली चोरी रोकने को हो रहे प्रयास की जानकारी ली।
रात में भी छापेमारी करेंगी विद्युत टीमें
शासन के निर्देश पर अब विद्युत विभाग की टीमें रात में बिजली चोरी रोकने के लिए छापेमारी करेंगी। रात को अभियान की जिम्मेदारी एसीओ, एसडीएम और विभाग के अफसरों को सौंपी गई है। अभियान के लिए रिजर्व पुलिस फोर्स हर समय उपलब्ध रहेगा।