फिरोजाबाद। कोरोना संक्रमण क ी दूसरी लहर से मिली राहत के बाद अब फिर से स्वास्थ्य विभाग ने टीमों को अलर्ट रहने के निर्देश जारी कर दिए हैं। अन्य राज्यों से आने वाले लोगों की जांच कराने के निर्देश दिया गया है। साथ ही स्वास्थ्य विभाग प्रमुख चौराहा, रेलवे स्टेशनों पर टीमों को फिर से सक्रिय करेगा। मंगलवार को सीएमओ कार्यालय में अलीगढ़ एडी डॉ. एसके उपाध्याय ने बैठक के दौरान समीक्षा की।
सीएमओ डॉ. नीता कुलश्रेष्ठ ने बताया कि कोरोना का डेल्टा प्लस वैरियेंट बेहद खतरनाक बताया जा रहा है। महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, पश्चिम बंगाल, ओड़िसा, दिल्ली में इन मरीजों के मिलने की पुष्टि हुई है। ऐसे में जनपद की स्वास्थ्य टीमों को भी अलर्ट कर दिया गया है। साथ ही जिला सर्विलांस अधिकारी के साथ बैठक कर उन्हें दोबारा से टीम का सक्रिय करने के निर्देश दिए हैं। यात्रा करने वाले लोगों की आरटीपीसीआर जांच कराई जाएगी। इसके साथ संदिग्ध लगने वाले यात्रियों की रिपोर्ट आने तक अलग रहने को कहा जाएगा। हालांकि जनपद में अभी तक इस प्रकार का कोई मरीज नहीं मिला है। इसके अलावा प्रमुख चौराहों पर कोरोना की जांच कराई जा रही है।
ये हैं लक्षण
सीएमओ डॉ. नीता कुलश्रेष्ठ के मुताबिक डेल्टा प्लस वैरिएंट के लक्षण में खासतौर पर सूखी खांसी मरीज को आती है। बुखार आने के साथ कमजोरी और थकान महसूस होने लगती है। हालत बिगड़ती है तो सीने में दर्द, सांस लेने में परेशानी की समस्या बन जाती है। बातचीत करने में भी मरीज को परेशानी होती है। इसलिए इस तरह के लक्षण होने पर तत्काल स्वास्थ्य विभाग को सूचित कर अपनी जांच करानी चाहिए।