आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दाैरान एक्सप्रेसवे से गुजर रहे सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने अपना काफिला रुकवाया। कार सवार लोगों का हाल जाना। घायल बालक को अस्पताल भेजा।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मटसैना थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार शाम एक सफारी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इस हादसे में कार सवार 10 वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके से गुजर रहे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपना काफिला रुकवाकर घायल बालक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
विज्ञापन
लखनऊ के अंसल गोल्फ सिटी निवासी सुनील मिश्रा (48) अपनी पत्नी अंतिका मिश्रा (45), पुत्र अनंत मिश्रा (10) और पुत्री आध्या मिश्रा (8) के साथ सफारी कार से लखनऊ से आगरा की ओर जा रहे थे। फिरोजाबाद में मटसैना क्षेत्र के पास कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान अखिलेश यादव का काफिला वहां से गुजर रहा था।
दुर्घटनाग्रस्त वाहन को देखकर उन्होंने तत्काल अपना काफिला रुकवाया और घायलों का हालचाल जाना। सपा प्रमुख ने अपनी पहल पर घायल बालक अनंत मिश्रा को तुरंत एक निजी वाहन से आगरा के अस्पताल में उपचार के लिए भिजवाया। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर मटसैना थाने भिजवाया। सीओ सदर तेजस त्रिपाठी के अनुसार परिवार के अन्य सदस्य सुरक्षित हैं। हादसे के कारण कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हुआ, जिसे पुलिस ने शीघ्र ही सामान्य कर दिया।