-पुरुष वर्ग में जिले पांच स्वर्ण एवं एक रजत पदक जीता
संवाद न्यूज एजेंसी
शिकोहाबाद। आदर्श कृष्ण महाविद्यालय ने सेंटजोंस कॉलेज आगरा में आयोजित डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालय जूडो पुरुष वर्ग प्रतियोगिता में चैंपियनशिप का खिताब जीता। प्रतियोगिता में डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय के आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी एवं मथुरा जिले के विभिन्न महाविद्यालयों ने प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता में एके कॉलेज ने कुल 5 भार वर्गों में स्वर्ण पदक एवं 1 भार वर्ग में रजत पदक के साथ सर्वाधिक पदक अपनी झोली में डाले। विजेता खिलाड़ियों को विश्वविद्यालय के खेल निदेशक के द्वारा मेडल एवं ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. दीदार सिंह यादव एवं शारीरिक शिक्षा के विभाग अध्यक्ष प्रो. जगदीश यादव ने छात्रों स्वर्ण पदक जीतने पर शुभकामनाएं दीं। शारीरिक शिक्षा व टीम मैनेजर डॉ. अनिल यादव ने बताया कि पहली बार एके कॉलेज के पांच छात्रों का चयन विश्वविद्यालय की ओर से 10 नवंबर से लवली प्रोफेशनल विश्वविद्यालय पंजाब में होने वाली राष्ट्रीय स्तर की अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालय स्तरीय जूडो प्रतियोगिता के लिए किया गया है।
इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक डॉ. जसवंत सिंह, डॉ. अनिल बघेल, डॉ. शफी मोहम्मद, डॉ. विजय शंकर, डॉ. संजीव कुमार यादव, डॉ. रूम सिंह, प्रो. संजय कुमार यादव आदि मौजूद रहे।