ठाकुर बीरी सिंह इंटर कालेज में चल रही 61 वी मंडलीय खेलकूद प्रतियोगिता का समापन सोमवार को हो गया। बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए आगरा ने ओवर आल चैंपियनशिप पर कब्जा किया। टीम को अतिथियों ने पुरस्कार देकर खेल को आगे बढ़ाने की अपील की।
प्रतियोगिता में सब जूनियर बालिका वर्ग में आगरा ने प्रथम, फीरोजाबाद ने द्वितीय और मैनपुरी ने तृतीय स्थान हासिल किया। जूनियर बालिका वर्ग में मथुरा प्रथम, आगरा द्वितीय और फीरोजाबाद का तृतीय स्थान रहा। सीनियर बालिका वर्ग में मैनपुरी प्रथम, मथुरा द्वितीय और फीरोजाबाद तृतीय स्थान हासिल किया। सब जूनियर बालक वर्ग में फीरोजाबाद प्रथम, आगरा द्वितीय और मथुरा तृतीय स्थान पर रहा। जूनियर बालक वर्ग में आगरा प्रथम, मथुरा द्वितीय और फीरोजाबाद तृतीय स्थान प्राप्त किया। सीनियर बालक वर्ग में आगरा ने प्रथम, फीरोजाबाद ने द्वितीय और मथुरा ने तृतीय स्थान पर रहकर बाजी मारी। वहीं ओवर ऑल चैंपियनशिप में आगरा ने 259 अंक हासिल कर पहला स्थान हासिल कर सभी को पीछे छोड़ दिया। वहीं 254 अंकों के साथ मथुरा ने द्वितीय तो फीरोजाबाद 221 अंक हासिल कर तीसरे स्थान पर रहा। व्यक्तिगत चैंपियनशिप की शील्ड आगरा की रेनू परिहार, श्यामसुंदर, नर सिंह मथुरा की पुुष्पा कुमारी, सूरज और फीरोजाबाद के प्रेमवीर को दी गई। मंडलीय उप शिक्षा निदेशक आरपी शर्मा ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेलकूद की भावना आपस में जोड़ने और आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करती है। छात्र-छात्राओं को चाहिए कि वह पढ़ाई के अलावा खेलकूद में भी रुचि रखें। कालेज में जिस प्रकार से खेलकूद प्रतियोगिताएं संपन्न कराई गईं इसके लिए कालेज प्रबंधक सुरेंद्र सिंह नौहवार और प्रधानाचार्य नरोत्तम सिंह बधाई के पात्र हैं। मंडलीय क्रीड़ा सचिव अनिल वशिष्ठ ने कहा कि कालेज में सभी व्यवस्था चुस्त दुरुस्त रहीं जो कि प्रंशसनीय है। इस मौके पर जिलाध्यक्ष उमेश यादव ने प्रबंधक व प्रधानाचार्य को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। प्रधानाचार्या विमलेश विजयश्री, रनवीर सिंह, अजय कुमार, विनोद यादव, संजीव श्रीवास्तव, रनवीर शर्मा, रामकेश यादव, कुमकुम गुप्ता, राकेश कटियार और सतेंद्र सिंह आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। अंत में आयोजक व प्रबंधक ने धन्यवाद ज्ञापित किया।