फिरोजाबाद। राजकीय पॉलिटेक्निक जलेसर रोड व टूंडला में चौथे चरण के लिए दाखिले शुरू हो गए हैं। जिन छात्रों ने चौथे चरण 28 से 30 जुलाई तक अपनी पसंद के कॉलेज और कोर्स चुने, उनका परिणाम बृहस्पतिवार शाम को जारी कर दिया गया था। शुक्रवार से छात्रों के दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो गई। तीसरे चरण में तीसरे चरण तक 471 के सापेक्ष 326 ने लिया था प्रवेश, 145 सीटें खाली रह गई थी। शनिवार को 30 से ज्यादा पहुंचे अभ्यर्थियों ने प्रवेश लिया। प्रक्रिया पांच अगस्त तक चलेगी और सीट वापसी का भी मौका दिया जाएगा।कॉलेज और कोर्स आवंटन होने के बाद छात्रों को काउंसिलिंग की 250 रुपये और सीट एक्सेप्टेंस के तीन हजार रुपये फीस जमा करने होंगे। चार अगस्त तक छात्र दाखिले के साथ अपने शैक्षिक प्रमाणपत्रों का भी राजकीय पॉलिटेक्निक में बनाई गई हेल्प डेस्क पर सत्यापन कराएंगे। पूरी प्रक्रिया के बाद भी जो छात्र दाखिला नहीं लेना चाहते, उनको सीट वापसी के लिए पांच अगस्त तक का मौका मिलेगा। इसके बाद अगले चरण के दाखिले की प्रक्रिया शुरू होगी। हालांकि, इस संबंध में अभी संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद की ओर से कोई आदेश जारी नहीं किया गया है। इस बारे में राजकीय पॉलिटेक्निक के प्रधानाचार्य हरी सिंह ने बताया कि तीसरे चरण के बाद जिन-जिन कोर्सों में सीटें रिक्त रह गई हैं, उनमें अभी दाखिले हो रहे हैं। आगे जैसे भी दिशा निर्देश जारी होंगे, उसी हिसाब से काम किया जाएगा।