जसराना। तहसील में व्याप्त समस्याओं और अधिकारियों के व्यवहार को लेकर नाराज वकील सोमवार से हड़ताल पर चले गए। बुधवार को भी अधिवक्ताओं का धरना प्रदर्शन जारी रहा। इस दौरान अधिवक्ताओं ने बताया कि धरना देने के बाद भी अधिकारी समस्या को संज्ञान में नहीं ले रहे। अधिवक्ता बोले कि बृहस्पतिवार को भी बार हाल पूरी तरह से बंद रहेगा। वहीं कई दिनों से चल रही हड़ताल के चलते वादकारी परेशान रहे।
जसराना तहसील प्रांगण में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ओंकार सिंह की अध्यक्षता में धरना प्रदर्शन हुआ। इस दौरान अध्यक्ष ओंकार सिंह ने कहा अधिवक्ताओं की गैरहाजिरी में एसडीएम द्वारा पत्रावली खारिज कर दी गई है, अधिवक्ताओं ने इसे सुप्रीम कोर्ट की गाइड लाइन का उल्लघंन करार दिया। बोले जसराना में अतिक्रमण अपने चरम पर है। एसडीएम ने व्यापारियों को तो दिवाली तक का समय दिया है लेकिन तहसील पर व्याप्त अतिक्रमण को लेकर अधिकारियों द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। कुरे एवं बंटबारे की पत्रावलियों को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। इस दौरान कहा कि बृहस्पतिवार को अधिवक्ता बार हाल को पूरी तरह से बंद रखेंगे। तहसील में अधिवक्ता कोई कार्य नहीं करेंगे। जरूरत पड़ी तो तालाबंदी की जाएगी। इस दौरान नंद किशोर भारतीय, बलबीर सिंह, सत्यपाल सिंह, रघुवीर सिंह, अजब सिंह, मुखलेश, भुवनेश, राकेश यादव, कृपाल सिंह, बृजकिशोर उपाध्याय आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।