खंडपीठ की मांग को लेकर अधिवक्ताओं द्वारा सुभाष तिराहा से वाहन रैली निकाली गई। रैली कई मोहल्लों और हाईवे से होते हुए जिला मुख्यालय पहुंची। यहां मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नाम डीएम को ज्ञापन सौंपा गया।
सुभाष तिराहा से रैली की शुरुआत बार एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद यादव द्वारा हरी झंडी दिखाकर की गई। इसके साथ ही अधिवक्ताओं की टोली रैली के रुप में खंडपीठ की मांग को लेकर नारेबाजी करते हुए जिला मुख्यालय के लिए निकली।
रैली गांधी पार्क, सेंट्रल चौराहा, गंज चौराहा होते हुए घंटाघर पहुंची। यहां वकीलों ने एक दूसरे के गले में हाथ डालकर रैली की सफलता पर हर्ष व्यक्त किया। इसके बाद रैली इमामबाड़ा चौराहा, नालबंद, रसूलपुर, आसफाबाद, मोढ़ा, कनैटा होते हुए डीएम कार्यालय पहुंची। यहां जिलाधिकारी विजय किरन आनंद को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
वकीलों ने आगरा में खंडपीठ की स्थापना की मांग की। कहा यदि खंडपीठ की स्थापना नहीं होती है तो वह आंदोलन को और उग्र करेंगे। ज्ञापन देने वालों में बार अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद यादव, दिलीप यादव, राजेश यादव, संजीव जैन, संजय जैन, सलीम खान, आदिल हुसैन, देवेंद्र सिंह, रविंद्र सिंह और देवेश कुमार के साथ अन्य लोग मौजूद थे। सुरक्षा की दृष्टि से रैली के साथ पुलिस बल भी मौजूद था।
15 को बनाई जाएगी अधिवक्ता श्रंखला
बार अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद यादव ने बताया कि खंडपीठ की मांग को लेकर 15 दिसंबर को न्यायालय प्रांगण में मानव श्रंखला बनाने के साथ ही खंडपीठ की आगरा में स्थापना की मांग शासन और केंद्र सरकार से की जाएगी।