शिकोहाबाद। तहसील परिसर में बुधवार को बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने ईवीएम से लोकसभा चुनाव कराए जाने का विरोध किया। उन्हाेंने राष्ट्रीय चुनाव आयोग के नाम एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर चुनावों को वैलेट पेपर के माध्यम से कराए जाने की मांग की।
अधिवक्ताओं ने कहा कि देश में जब भी ईवीएम से चुनाव कराया जाता है। तब ही नतीजों के बाद ईवीएम को सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया जाता है। हर बार जनता के वोटों के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। ऐसे में ईवीएम ने अपनी विश्वसनीयता को खो दिया है। लोकसभा चुनाव में देश को एक पारदर्शी वोटिंग हो सके। इसके लिए चुनावों को ईवीएम नहीं, बल्कि वैलेट पेपर के माध्यम से कराया जाए।
अधिवक्ता श्यामबाबू यादव ने कहा कि कई विकसित राष्ट्र अमेरिका, इटली, इंग्लैंड, फ्रांस, जर्मनी जैसे देश भी ईवीएम से चुनाव को बंद कर चुके हैं, लेकिन भारत में आज भी ईवीएम के माध्यम से चुनाव कराए जा रहे हैं। इससे चुनाव के नतीजे भी प्रभावित होते हैं। ऐसे में चुनावों को वैलेट पेपर के माध्यम से कराया जाए। उन्हाेंने एसडीएम विवेक मिश्रा को राष्ट्रीय चुनाव आयोग के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन देने वालों में राजेश कुमार यादव, जुगेंद्र सिंह यादव, श्यामबाबू यादव, विनय कुमार यादव, सुखवीर, कृष्णपाल सिंह, योगेन्द्र सिंह आदि प्रमुख रूप से मौजूद थे।