फिरोजाबाद। मक्खनपुर पुलिस द्वारा अधिवक्ता नीरज यादव को जेल भेजने के विरोध में सोमवार को बार एसोसिएशन ने न्यायालय में कार्य बहिष्कार किया। अधिवक्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। एसएसपी को संबोधित शिकायती पत्र में अधिवक्ता को तत्काल रिहा करने एवं घटना की निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की गई है। न्याय नहीं मिलने की स्थिति में आंदोलन की चेतावनी भी दी गई।
थाना मक्खनपुर पुलिस द्वारा आकलाबाद में हुए फसाद के मामले में अधिवक्ता नीरज यादव को जेल भेज दिया गया। विरोध में बार एसोसिएशन ने जनपद न्यायालय में सोमवार को कार्य बहिष्कार किया। बार एसोसिएशन के महासचिव देवेंद्र सिंह यादव और उपाध्यक्ष आलिया रफत सादमा के नेतृत्व में अधिवक्ताओं ने जुलूस निकाला और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एसएसपी कार्यालय पहुंचे। प्रदर्शन में काफी संख्या में ग्रामीण भी शामिल थे। प्रदर्शनकारियों के हुजूम को देखते हुए एसएसपी कार्यालय के बाहर पुलिस बल तैनात कर दिया गया। एसपी देहात अखिलेश नारायण सिंह एवं सीओ सदर सहित महिला थाना प्रभारी एसएसपी कार्यालय के बाहर सक्रिय रहे।
बाद में अधिवक्ताओं का प्रतिनिधिमंडल एसएसपी अजय कुमार पांडेय से मिला। कहा कि गांव में मारपीट की घटना हुई है, लिहाजा धारा 307 में अधिवक्ता को जेल भेजना न्यायसंगत नहीं। एसएसपी से आरोपी थाना प्रभारियों को सस्पेंड करने एवं मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। एसएसपी ने जांच कर उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है। प्रदर्शन में सुरेंद्र सिंह यादव, धर्म सिंह यादव, सत्य प्रकाश सिंह यादव, रामबाबू शर्मा, रघुराज सिंह यादव, रवींद्र सिंह यादव, संजय सिंह यादव, राजेश यादव, शेर सिंह राजपूत, शिव प्रकाश सिंह, घनश्याम यादव, नानकचंद्र धनगर, हरित यादव, वकील खान समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता शामिल थे।
पुलिस कर रही अन्याय
फिरोजाबाद। थाना मक्खनपुर एवं मटसेना पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई को लेकर आकलाबाद की महिलाएं एवं पुरुष ट्रैक्टर से सोमवार को जिला मुख्यालय पहुंचे। पुलिस फोर्स ने भीड़ को बाहर ही रोक दिया। महिलाओं को रोकने के लिए महिला थाना प्रभारी से लेकर स्टाफ तैनात था। कई महिलाएं इस दौरान बिलखने लगीं। उनका आरोप था कि पुलिस उनके साथ अन्याय कर रही है। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी।
अधिवक्ता को जेल भेजने के बाद बार एसोसिएशन द्वारा हड़ताल के दौरान नारेबाजी करते अधिवक्ता- फोटो : FIROZABAD
अधिवक्ता को जेल भेजने के बाद बार एसोसिएशन द्वारा हड़ताल के दौरान एसपी कार्यालय अधिवक्ताओं के सा?- फोटो : FIROZABAD