शिकोहाबाद। अधिवक्ता ने पांच लोगों पर जानलेवा हमले का आरोप लगाकर पांच लोगों पर रिपोर्ट दर्ज करवाई है। हमले से आक्रोशित साथियों ने मंगलवार को कार्य बहिष्कार कर दिया और रजिस्ट्री कार्यालय को भी बंद करवा दिया।
मोहल्ला शंभूनगर निवासी संजीव यादव एडवोकेट ने थाने में तहरीर दी। इसमें बताया कि सोमवार शाम सात बजे वह अपने घर पर थे। तभी एक व्यक्ति उनके घर आया और जमीन से संबंधित बात करने लगा। उसके कुछ साथी बाहर खड़े थे। इसी दौरान एक और व्यक्ति हाथ में तमंचा लेकर अंदर आ गया। तभी उन लोगों ने गाली गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर कर दिया। हालांकि फायर मिस हो गया। गनीमत रही कि फायर मिस हो गया। शोरगुल सुन कर आसपास के लोग एकत्रित हो गए।
लोगों को आता देख हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गये। घटना की जानकारी होते ही अधिवक्ताओं में रोष व्याप्त हो गया। समाधान दिवस में अधिवक्ता एकत्रित हुए और एसडीएम को प्रार्थना पत्र दिया। मीटिंग कर कार्य बहिष्कार का निर्णय लिया। इस दौरान अधिवक्ताओं ने रजिस्ट्री कार्यालय में भी कार्य बंद करा दिया।
पीड़ित अधिवक्ता ने बताया कि पांच लोग आए थे। दो अंदर मकान मे थे, जबकि तीन बाहर इंतजार कर रहे थे। थाने में तहरीर दी। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस दौरान श्याम बाबू, अशोक यादव, शिव कुमार शर्मा, वेदप्रकाश यादव, वीरेंद्र सिंह, कृष्णऔतार यादव, दिनेश सिंह, अनिल शर्मा, ब्रजेश चंद्र, रामभरत, प्रशांत बघेल, केपी सिंह, रामकिशोर राजपूत, कपिल श्रीवास्तव मौजूद रहे।