फिरोजाबाद। प्रयोगशाला की जांच में असुरक्षित रिपोर्ट आने पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने सोमवार को कचरी निर्माण यूनिट पर छापा मारकर कार्रवाई की। इस दौरान टीम ने नमूना लेेने के साथ ही एक क्विंटल कचरी को जब्त कर लिया है।
जिला अभिहित अधिकारी डॉ. सुधीर कुुमर ने बताया कि 25 मई 2020 को टीम ने शिकोहाबाद में एक वाहन से रंगीन कचरी का नमूना लिया था, जो थाना रामगढ़ क्षेत्र के चिश्ती नगर से इरशाद आलम के निर्माण इकाई केंद्र पर बना था। कचरी की रिपोर्ट असुरक्षित आई है।
कचरी में रोडामाइन नामक अखाद्य रंग मिला हुआ पाया गया है। टीम ने निर्माण इकाई केंद्र चिश्ती नगर में मय पुलिस बल के साथ छापा मारा। इस दौरान यहां पर एक क्विंटल कचरी को जब्त कर लिया गया। इस मौके पर मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीएस कुशवाहा, संतोष कुमार, विनय कुमार, अनिल शंखवार आदि मौजूद रहे।