फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश सरकार के प्रमुख सचिव नगर विकास अनुभाग सात के जन सूचना अधिकारी पर उत्तर प्रदेश राज्य सूचना आयुक्त ने 15 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। नगर की लोक नागरिक कल्याण समिति सचिव सत्येंद्र जैैन सौली ने जन सूचना विभाग में स्वकर के मुद्दे पर अपील की थी। बता दें कि विगत चार अगस्त 2014 को फिरोजाबाद नगर पालिका को नगर निगम का दर्जा मिला था। नगर निगम का दर्जा मिलने के साथ ही नगर निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वकर लागू कर वसूली करना शुरू कर दिया था। नगर निगम की मनमानी का सामाजिक संगठन द्वारा विरोध किया था।
इस पर शासन के आदेश पर नगर मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया गया और कमेटी की रिपोर्ट में वसूली एवं भ्रष्टाचार के आरोप सत्य पाए गए थे लेकिन दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई। लोक कल्याण नागरिक समिति के सचिव सत्येंद्र जैन सोली ने कार्रवाई की मांग की। जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों पर कार्रवाई की सूचनाएं देने में असफल होने पर राज्य सूचना आयुक्त अजय कुमार ने प्रमुख सचिव नगर विकास अनुभाग 7 के जन सूचना अधिकारी अवनीश कुमार पर 15 हजार रुपये का जुर्माना लगाते हुए वेतन से जुर्माने की राशि वसूलने के आदेश दिए हैं।