फिरोजाबाद। रेलवे स्टेशन पर गोमती एक्सप्रेस से उतरकर शौचालय गई युवती का बैग चोरी करने वाले आरोपी को जीआरपी ने 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया है। मक्खनपुर थाना क्षेत्र के गांव जिजौली निवासी खुशी बृहस्पतिवार को नई दिल्ली से गोमती एक्सप्रेस से फिरोजाबाद पहुंची थीं और प्लेटफार्म नंबर दो पर उतरकर शौचालय गईं, तभी उनका बैग चोरी हो गया था।
जीआरपी ने सीसीटीवी फुटेज की मदद से शुक्रवार सुबह प्लेटफार्म नंबर एक/दो से आरोपी रजत कुमार निवासी प्रतापपुर (थाना खैरगढ़) को दबोच लिया। उसके कब्जे से चोरी हुआ पिट्ठू बैग, 750 रुपये नकद और आधार कार्ड समेत पूरा सामान बरामद कर लिया गया है। प्रभारी निरीक्षक शेर सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की गई है, और उसके खिलाफ शिकोहाबाद कोतवाली में भी मामला दर्ज है। संवाद