शिकोहाबाद (फिरोजाबाद)। नसीरपुर थाना क्षेत्र में बलाई घाट पर रविवार को दोस्तों संग यमुना में नहाने आया किशोर डूब गया। उसे डूबता देख साथियों ने हल्ला मचाया, लेकिन जब तक लोग मदद को पहुंचते किशोर यमुना में डूब गया। सूचना पर थाना पुलिस पहुंची और गोताखोरों से उसकी तलाश शुरू कराई। यमुना में उफान पर होने के कारण बचाव कार्य में दिक्कत आ रही है।
आगरा के थाना पिढौरा क्षेत्र के गांव आशे का पुरा निवासी सत्यजीत (15) पुत्र चंद्रभान साथी गणेश (14) पुत्र रामनिवास, विनय (13) पुत्र रामवीर, सोना (12) पुत्र राम सेवक और नीरज (10) पुत्र राधेश्याम दोपहर घर से यमुना में नहाने के लिए आए थे। नौरंगी घाट पर पांचों दोस्त यमुना में नहाने लगे। नदी में बहाव तेज होने के कारण सत्यवीर बह गया और देखते ही देखते पानी में समा गया।
सत्यवीर को डूबता देख उसके साथियों ने शोर मचाया, लेकिन जब तक लोग उसे बचाने पहुंचते तब तक वह पानी में डूब गया। सूचना पर किशोर के परिजन यमुना किनारे पहुंच गए और थाना पुलिस को सूचना दी। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार द्ववेदी और उप निरीक्षक रामविलास फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने प्राइवेट गोताखोरों की मदद से किशोर की तलाश कराई, लेकिन यमुना के बढ़े जलस्तर के कारण गोताखोरों को भी दिक्कत आ रही है। उधर परिजन सत्यवीर की सलामती के लिए दुआ मांग रहे हैं। प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि किशोर की तलाश कराई जा रही है। यमुना में पानी अधिक होने के कारण तलाशी अभियान में परेशानी आ रही है।