कठफोरी (फिरोजाबाद)। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर कस्बा कठफोरी के पास रविवार को सुबह ट्रक को ओवरटेक करते समय कानपुर जा रही कार ट्रक का कट लगने से असंतुलित होकर पलट गई। हादसे में कार सवार पांचों लोग घायल हो गए। एक की हालत गंभीर बनी हुए है। घायलों को उपचार के लिए सैफई अस्पताल भेजा गया है। कार सवार लोग गाजियाबाद से कानपुर जा रहे थे।
गाजियाबाद के बसुंधरा निवासी प्रदीप कुमार मिश्रा (48) पुत्र राम किशोर अपनी पत्नी ज्योत्सना (45), पुत्र रितिक (22), पुत्री शिवा (14) व अपने रिश्तेदार की पुत्री इश्किा तिवारी के साथ कार से किसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कानपुर जा रहे थे। कार रितिक चला रहा था। रितिक के पास वाली सीट पर प्रदीप मिश्रा बैठे थे। बाकी तीनों लोग पीछे वाली सीट पर बैठे थे।
कार सवार सभी लोग सुबह करीब दस बजे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस पर कठफोरी के समीप पहुंचे थे। तभी ट्रक को ओवरटेक करते हुए रितिक ने कार को ट्रक से आगे निकालने के लिए प्रयास किया। इसी बीच कार ट्रक से टकराकर एक्सप्रेसवे पर पलट गई। हादसा होते ही कार सवार सभी लोगों में चीख पुकार मच गई। आसपास के लोग एकत्रित हो गए। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को उपचार के लिए सैफई अस्पताल भेज दिया। यहां प्रदीप की हालत गंभीर बनी हुई है।